Thursday, January 7, 2016

उत्तर प्रदेश सूचना का अधिकार नियमावली 2015 के गैरकानूनी प्राविधानों पर आपत्तियों का प्रेषण और इस नियमावली के क्रियान्वयन पर तत्काल रोक लगाकर गैरकानूनी प्राविधानों को हटाने के बाद ही नियमावली को लागू करने की मांग विषयक




सेवा में,
1-
श्री राम नाइक
उत्तर प्रदेश के राज्यपाल
लखनऊ,उत्तर प्रदेश
"hgovup" <
hgovup@gov.in>, "hgovup" <hgovup@up.nic.in>, "hgovup" <hgovup@nic.in>
2-
श्री अखिलेश यादव
मुख्यमंत्री,उत्तर प्रदेश सरकार
लखनऊ,उत्तर प्रदेश "cmup" <cmup@nic.in>, "cmup" <cmup@up.nic.in>
3-
श्री आलोक रंजन
मुख्य सचिव,उत्तर प्रदेश शासन
लखनऊ,उत्तर प्रदेश
"csup" <
csup@nic.in>, "csup" <csup@up.nic.in>,
4-
श्री जावेद उस्मानी
मुख्य सूचना आयुक्त उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग
लखनऊ,उत्तर प्रदेश
द्वारा सचिव उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग


Letter No. : YSS/20160108/4/RTI Rules                                                               Dated : 08-01-2016


विषय : उत्तर प्रदेश सूचना का  अधिकार नियमावली 2015 के गैरकानूनी प्राविधानों  पर आपत्तियों
का प्रेषण और इस नियमावली के क्रियान्वयन पर तत्काल रोक लगाकर गैरकानूनी प्राविधानों को हटाने के बाद ही नियमावली को लागू करने की मांग विषयक l

महोदय,
येश्वर्याज सेवा संस्थान लखनऊ स्थित एक सामाजिक संगठन है जो विगत 15  वर्षों से अनेकों सामाजिक क्षेत्रों के साथ-साथ 'लोकजीवन में पारदर्शिता संवर्धन और जबाबदेही निर्धारण' के क्षेत्र में कार्यरत है l

उत्तर प्रदेश शासन के प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा 3 दिसम्बर 2015 को जारी की गयी उत्तर प्रदेश सूचना का अधिकार नियमावली 2015 के सन्दर्भ से अवगत कराना है कि प्रश्नगत नियमावली के अनेकों नियम आरटीआई एक्ट की प्रस्तावना में लिखित मंशा और इस अधिनियम के लिखित प्राविधानों के खिलाफ हैं और इसीलिये पारदर्शिता,जबाबदेही और मानवाधिकार संरक्षण के क्षेत्र में विगत 15 वर्षों से कार्यरत हमारा संगठन आपको अपनी निम्नलिखित आरंभिक आपत्तियां भेजकर इस नयी आरटीआई नियमावली के क्रियान्वयन पर तत्काल रोक लगाने की मांग कर रहा है :
1-      नियमावली के नियम 2(ज) के द्वारा आरटीआई आवेदकों के लिए प्रारूपों का निर्धारण करना आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध है और आरटीआई एक्ट की धारा 5(3) व 6(1) के परंतुक का उल्लंघनकारी है l भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने कार्यालय ज्ञाप No. 10/1/2013-IR दिनांक 06/10/2015 के द्वारा स्पष्ट किया है कि आरटीआई एक्ट के प्रयोग के लिए कोई प्रारूप-निर्धारण नहीं किया जा सकता है l
2-   नियमावली के नियम 4 के अंतर्गत सूचना अभिप्राप्त करने के लिए अनुरोध को शासित करने बाले नियम 4(1), 4(2) आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध हैं और आरटीआई एक्ट की धारा 5(3) व 6(1) के परंतुक का उल्लंघनकारी होने के कारण गैरकानूनी हैं l
3-      आरटीआई एक्ट सूचना दिलाने का अधिनियम है किन्तु नियमावली के नियम 4(5) के परंतुक द्वारा सूचना देने मना करने का नियम बनाया गया है जो आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध है और आरटीआई एक्ट की धारा 6(1),7(1),7(3) और 7(5) के परंतुक के साथ पठित धारा 6(3) का उल्लंघनकारी होने के कारण गैर-कानूनी है l
4-      नियमावली के नियम 5 में गरीबी रेखा से नीचे रहने बाले आरटीआई आवेदकों को निःशुल्क सूचना उपलब्ध कराने का कोई भी उल्लेख न होने के कारण यह आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध है और आरटीआई एक्ट की धारा 7(5) के परंतुक का उल्लंघनकारी होने के कारण गैर-कानूनी है l
5-      नियमावली का नियम 7(2)(छः) असंगत होने के कारण गैर-कानूनी है क्योंकि उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग में प्रथम अपीलीय अधिकारी के विरुद्ध नहीं अपितु जनसूचना अधिकारी के ही विरुद्ध ही स्वीकार की जा रही हैं l
6-      नियमावली के नियम 9(1) में  आरटीआई आवेदकों को आयोग में जबरन समन करने की व्यवस्था गैर-कानूनी है और आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध है l साथ ही साथ इसी नियमावली के नियम 9(2) के द्वारा आयोग की सुनवाइयों में  राज्य लोक सूचना अधिकारी की उपस्थिति की बाध्यता समाप्त कर देने और नियम 10 के द्वारा सरकारी खर्चे पर आने वाले लोकसेवकों के अनुरोध पर सुनवाई का स्थगन प्रभावी होने से अपने पैसे खर्च कर आयोग आने वाले गरीब आरटीआई आवेदकों का वित्तीय उत्पीडन होगा l
7-      नियम 9(2) के द्वारा आयोग की सुनवाइयों में  राज्य लोक सूचना अधिकारी की उपस्थिति की बाध्यता समाप्त कर देना और नियम 10 के द्वारा लोकसेवकों के अनुरोध पर सुनवाई का स्थगन प्रभावी करना गैर-कानूनी है और आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध है l साथ ही साथ ऐसा करने से लोकसेवकों में आरटीआई एक्ट के अनुपालन के प्रति डर समाप्त हो जायेगा और सूचना आयोग में भी अदालतों बाली ‘तारीख-पे-तारीख’ वाली कार्यसंस्कृति आयेगी तथा भ्रष्ट जनसूचना अधिकारी-सूचना आयुक्त गठजोड़ मजबूत और भी होने के कारण सूचना आयोग में प्रत्येक स्तर पर भ्रष्टाचार का सिस्टम पैदा होगा और पुष्ट भी होगा l
8-    नियम 11 के द्वारा राज्य लोक सूचना अधिकारी की अर्जी पर मामले को सुनवाई कर रहे आयुक्त से इतर अंतरित करने की व्यवस्था करना गैर-कानूनी है और आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध है l साथ ही साथ ऐसी व्यवस्था करने से राज्य लोक सूचना अधिकारियों द्वारा उत्तर प्रदेश के सूचना आयोग में आरटीआई एक्ट का सम्यक अनुपालन करा रहे ईमानदार सूचना आयुक्तों से अपने मामले अंतरित कराकर अपने भ्रष्ट गठजोड़ बाले सूचना आयुक्त के यहाँ पंहुचाने का कुचक्र किया जायेगा जिससे आरटीआई एक्ट का सम्यक अनुपालन करा रहे ईमानदार सूचना आयुक्तों का मनोबल गिरेगा और सूचना आयोग में धीरे-धीरे भ्रष्टाचार की व्यवस्था पुष्ट होती जायेगी l
9-    नियम 12 के द्वारा राज्य लोक सूचना अधिकारी की अर्जी पर आयोग द्वारा पारित दण्डादेश को बापस लेना अधिनियम की धारा 19(7) और 23 के प्रतिकूल होने के साथ साथ इस स्थापित विधि के भी प्रतिकूल है कि  विधायिका द्वारा स्पष्ट अधिकार दिए बिना किसी भी न्यायिक,अर्द्ध-न्यायिक या प्रशासकीय संस्था को अपने ही आदेश का रिव्यु करना या उसे बदलना अवैध होता है lउत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग भी एक प्रशासकीय संस्था है और इस स्थापित विधि के अनुसार इसके द्वारा अपने आदेश को बदलना गैर-कानूनी है l इस नियम की ओट में सूचना आयुक्तों द्वारा लोक सूचना प्राधिकारियों के दंड के आदेशों को बापस लिया जायेगा जिसके कारण एक्ट की धारा 20 निष्प्रभावी हो जायेगी और सूचना आयोग में धीरे-धीरे भ्रष्टाचार की व्यवस्था भी पुष्ट होती जायेगी l
10- नियम 13(1) के आरटीआई आवेदक द्वारा अपील को बापस लिए जाने की व्यवस्था की गयी है जो आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध है और आरटीआई एक्ट की धारा 7(1) का उल्लंघनकारी होने के कारण गैर-कानूनी है l साथ ही इससे अपील से सम्बंधित सूचना के प्रभावित पक्ष द्वारा आरटीआई आवेदकों को धमकाकर या प्रलोभन देकर अपील को बापस कराने की घटनाओं में बढोत्तरी होगी जिससे सही आरटीआई आवेदकों को खतरा उत्पन्न होगा और दूषित उद्देश्य से आरटीआई आवेदन लगाने बाले आरटीआई आवेदकों का एक नया वर्ग सामने आएगा  जिसके कारण एक्ट कमजोर भी होगा और बदनाम भी l
11-   नियम 13(3) में सूचना आवेदक की मृत्यु पर उसके समस्त आरटीआई आवेदनों पर सूचना दिलाने की कार्यवाहियां रोक देने की की व्यवस्था की गयी है जो आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध है और आरटीआई एक्ट की धारा 7(1) का उल्लंघनकारी होने के कारण गैर-कानूनी है l इस असंवैधानिक व्यवस्था कर देने के चलते अब ऊंची पंहुच बाले और रसूखदार लोकसेवकों के भ्रष्टाचार के मामलों की सूचना मांगे जाने पर आरटीआई आवेदकों की सीधे-सीधे हत्याएं की जायेंगी और यूपी में आरटीआई आवेदक अब और अधिक असुरक्षित हो गए हैं l
12-   नियम 19 यूपी में दूसरी राज्यभाषा का दर्जा प्राप्त उर्दू से भेदभाव करता है और उर्दू में किये गए आरटीआई पत्राचार के हिंदी या अंग्रेजी ट्रांसलेशन को जमा करने को बाध्यकारी बनाता है l यह नियम आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध है और आरटीआई एक्ट की धारा 6(1) का उल्लंघनकारी होने के कारण गैर-कानूनी तो है ही साथ ही साथ प्रदेश की 19% मुस्लिम आबादी के साथ भेदभाव करने वाला होने के कारण अलोकतांत्रिक भी है l

उपरोक्त से स्पष्ट है कि अब तक यूपी में जनसूचना अधिकारियों और सूचना आयुक्तों के नापाक गठजोड़ के चलते आरटीआई आवेदकों को सूचना आयोग जाने पर अपमान और उत्पीडन सहने को बाध्य होना पड़ रहा था लेकिन इस नयी नियमावली के लागू होने के बाद इस एक्ट के तहत सूचना मिलना तो दूर कौड़ी हो ही जायेगी साथ ही साथ आरटीआई आवेदकों की जान और सम्मान को और भी गंभीर खतरे पैदा हो जायेंगे l

हमारा संगठन साल 2011 से ही ‘सूचना का अधिकार बचाओ उत्तर प्रदेश अभियान’( यूपीसीपीआरआई )  के माध्यम से यूपी में आरटीआई एक्ट और आरटीआई आवेदकों के हित संरक्षित रखने के मुद्दों पर कार्य कर रहा है और आरटीआई आवेदकों की हत्याएं रोकने के एक उपाय के तौर पर आरटीआई आवेदकों की हत्याओं के मामलों में उनके द्वारा माँगी गयी सूचनाएं सम्बंधित विभाग और सूचना आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कराने की मांग उठाता रहा है किन्तु अब इस नियमावली के नियम 13(3) के लागू होने से आरटीआई आवेदकों की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न होने के मद्देनज़र ही यह पत्र आपको शीघ्रता से भेजा जा रहा है l

कृपया उपरोक्त आपत्तियों का सम्यक संज्ञान लेकर विस्तृत लोकहित में आरटीआई एक्ट की मूल मंशा और लिखित प्राविधानों के खिलाफ बनायी गयी उत्तर प्रदेश सूचना का अधिकार नियमावली 2015 के क्रियान्वयन पर तत्काल रोक लगाकर इन गैरकानूनी प्राविधानों को हटाने के बाद ही नियमावली को लागू कराने के सम्बन्ध में तत्काल कार्यवाही कराने की कृपा करें ताकि देश में आबादी के हिसाब से सबसे बड़े सूबे में आरटीआई एक्ट और आरटीआई आवेदक सुरक्षित रहे और आरटीआई आवेदक  सम्मानपूर्ण ढंग से आरटीआई का प्रयोग कर सूबे में एक पारदर्शी और जबाबदेह तंत्र की स्थापना में अपना यथेष्ट योगदान देकर उत्तर प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश बनाने के पुनीत कार्य में अपना निर्वाध सहयोग भयमुक्त वातावरण में दे सकें l

अत्यधिक अपेक्षाओं सहित सादर प्रेषित l

सादर प्रेषित l

भवदीया,

उर्वशी शर्मा
सचिव
                YAISHWARYAJ    Seva  Sansthan
    102,Narayan Tower,Opposite F Block Idgah ,Rajajipuram , Lucknow- 226017
Contact : +919369613513, +919305463313
 (Registration No. 1074-2011-2012)






  

यूपी में आरटीआई कार्यकर्ताओं की हत्याएं बढायेगी नयी आरटीआई नियमावली : उर्वशी शर्मा



येश्वर्याज की अगुआई में  लखनऊ में शुरू हुआ उत्तर प्रदेश सूचना का अधिकार नियमावली 2015 का विरोध //यूपी : राज्यपाल को आपत्तियां सौंप नयी आरटीआई नियमावली पर रोक लगाने की गुहार


लखनऊ/07 जनवरी 2016/ यूपी के प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा बीते 3 दिसम्बर को जारी की गयी उत्तर प्रदेश सूचना का अधिकार नियमावली 2015 को आरटीआई एक्ट के प्राविधानों के खिलाफ बताते हुए आरटीआई एक्टिविस्टों ने अखिलेश सरकार को पारदर्शिता और जबाबदेही के मुद्दे पर कटघरे में खड़ा किया है और  इस नियमावली का विरोध करते हुए  सूबे के राज्यपाल राम नाइक को पत्र के माध्यम से आपत्तियां भेजकर इस नयी आरटीआई नियमावली पर रोक लगाने की गुहार लगाई है. एक्टिविस्टों का कहना है कि इस नियमावली के अनेकों नियम पूरी तरह से सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 की मूल मंशा के खिलाफ है और इस नियमावली के लागू होने से आरटीआई आवेदकों को सूचना मिलना तो दूर कौड़ी हो ही जायेगी साथ ही साथ उसकी जान को गंभीर खतरे भी पैदा हो जायेंगे.


यूपी के आरटीआई एक्टिविस्टों की अगुआई कर रहे सामाजिक संगठन येश्वर्याज सेवा संस्थान की सचिव, सामाजिक कार्यकत्री और आरटीआई एक्टिविस्ट उर्वशी शर्मा ने बताया कि अब तक यूपी में जनसूचना अधिकारियों और सूचना आयुक्तों के नापाक गठजोड़ के चलते आरटीआई आवेदकों को सूचना आयोग जाने पर अपमान और उत्पीडन सहने को बाध्य होना पड़ रहा था लेकिन इस नयी नियमावली के नियम 13(3) में सूचना आवेदक की मृत्यु पर उसके समस्त आरटीआई आवेदनों पर सूचना दिलाने की कार्यवाहियां रोक देने की असंवैधानिक व्यवस्था कर देने के चलते अब ऊंची पंहुच बाले और रसूखदार लोकसेवकों के भ्रष्टाचार के मामलों की सूचना मांगे जाने पर आरटीआई आवेदकों की सीधे-सीधे हत्याएं की जायेंगी.


उर्वशी ने बताया कि उनका संगठन साल 2011 से ही ‘सूचना का अधिकार बचाओ उत्तर प्रदेश अभियान’( यूपीसीपीआरआई )  के माध्यम से यूपी में आरटीआई एक्ट और आरटीआई आवेदकों के हित संरक्षित रखने के मुद्दों पर कार्य कर रहा है और आरटीआई आवेदकों की हत्याएं रोकने के एक उपाय के तौर पर आरटीआई आवेदकों की हत्याओं के मामलों में उनके द्वारा माँगी गयी सूचनाएं सम्बंधित विभाग और सूचना आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कराने की मांग उठाता रहा है किन्तु अब इस नियमावली के नियम 13(3) के लागू होने से आरटीआई आवेदकों की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न होने के मद्देनज़र ही इसका पुरजोर विरोध किया जा रहा है.


उर्वशी ने नियमावली के नियम 12 में जनसूचना अधिकारी के आवेदन पर भी आयुक्त द्वारा अपने आदेश को बापस लिए जाने  और नियम 9(1) में  आरटीआई आवेदकों को आयोग में जबरन समन करने की व्यवस्था को गैर-कानूनी बताया तो वहीं नियम 10 में जनसूचना अधिकारी के आवेदन पर सुनवाई स्थगित तक करने की व्यवस्था से सूचना आयोग में भी अदालतों बाली ‘तारीख-पे-तारीख’ वाली कार्यसंस्कृति आने और भ्रष्ट जनसूचना अधिकारी-सूचना आयुक्त गठजोड़ मजबूत होने की बात कही है.  


बकौल उर्वशी इस आरटीआई नियमावली का नियम 19 यूपी में दूसरी राज्यभाषा का दर्जा प्राप्त उर्दू से भेदभाव करता है और उर्दू में किये गए आरटीआई पत्राचार के हिंदी या अंग्रेजी ट्रांसलेशन को जमा करने को बाध्यकारी बनाता है. सूबे के मुखिया अखिलेश  यादव पर तंज कसते हुए उर्वशी ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा है कि उर्दू से यह भेदभाव उस सूबे में हो रहा है जहाँ के मुखिया अपने उर्दू प्रेम को देश-विदेश में जब तब जाहिर करते रहते हैं.


उर्वशी ने बताया कि उन्होंने सूबे के राज्यपाल राम नाइक को पत्र के माध्यम से इस नियमावली पर नियमवार आपत्तियां भेजकर इस नयी आरटीआई नियमावली को जनविरोधी बताते हुए नियमावली के क्रियान्वयन पर रोक लगाने की गुहार लगाई है.


उर्वशी ने बताया कि सूबे के राज्यपाल राम नाइक ने आने बाले 11 जनवरी को उनके संगठन के 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को आरटीआई आवेदकों की हत्या के बाद मुआवजा दिए जाने में भेद-भाव, सूचना आयुक्तों की अक्षमता और सूचना आयुक्तों द्वारा आयोग की सुनवाइयों में आरटीआई आवेदकों के उत्पीडन पर बातचीत के लिए राजभवन बुलाया है. उर्वशी ने कहा कि अब वे 11 जनवरी को राज्यपाल से मिलने पर उनसे नयी आरटीआई नियमावली पर रोक लगाने के मुद्दे पर भी वार्ता कर ज्ञापन सौपेंगी.


उर्वशी ने बताया कि उन्होंने देश भर के आरटीआई कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों से  संपर्क कर इस नियमावली पर विरोध करने की येश्वर्याज की मुहिम से जुड़ने को समर्थन माँगा है और 11 जनवरी को राज्यपाल से मिलने के बाद इस मुद्दे को धरना,प्रदर्शन के माध्यम से सड़क और पीआइएल के माध्यम से न्यायालय ले जाने की रणनीति बनाने की बात कही है.  

नियमावली वेबलिंक https://www.docdroid.net/kfmuE5e/up-rti-rules-2015.pdf.html  पर उपलब्ध है और यहाँ से डाउनलोड की जा सकती है.  







  

Wednesday, January 6, 2016

सूचना का अधिकार बचाओ अभियान उत्तर प्रदेश ( यूपीसीपीआरआई ) ने दिया आरटीआई कार्यकर्ताओं के आगामी 09 जनवरी के लखनऊ धरने को समर्थन.



मैंने वर्ष 2011 में Uttar Pradesh Campaign to Protect RTI ( UPCPRI ) की स्थापना उत्तर प्रदेश के आरटीआई आवेदकों को जनसूचना अधिकारियों,अपीलीय अधिकारियों,राजनेताओं और सूचना आयुक्तों के उत्पीडन से बचाने के लिए की थी. उस समय से अब तक सूचना का अधिकार बचाओ अभियान उत्तर प्रदेश ( यूपीसीपीआरआई ) आरटीआई आवेदकों के हितों को संरक्षित करने के लिए कई बार सड़कों पर आया है.


एक बार फिर यूपी के आरटीआई आवेदक उद्देलित हैं और आगामी 09 जनवरी को यूपी की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज जीपीओ के पास महात्मा गाँधी पार्क में सूचना आयुक्तों के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर अपनी व्यथा का सार्वजनिक प्रदर्शन करेंगे. हमेशा की तरह UPCPRI इस बार भी आरटीआई आवेदकों के साथ है.


मैं यूपीसीपीआरआई की तरफ से आपसे आग्रह कर रही हूँ कि यदि आप यूपी के किसी भी सूचना आयुक्त के किसी भी व्यवहार से व्यथित हों तो आगामी 9 जनवरी को यूपी की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज जीपीओ के पास महात्मा गाँधी पार्क पहुंचकर अपनी व्यथा हमारे प्रतिनिधि को अवश्य बताएं. हमारा हेल्पलाइन नंबर 8081898081 और 9455553838 है.


उर्वशी शर्मा
सामाजिक कार्यकत्री

सामाजिक कार्यकर्ता ने कोर्ट में नूतन ठाकुर के खिलाफ दिए सबूत

सामाजिक कार्यकर्ता ने कोर्ट में नूतन ठाकुर के खिलाफ दिए सबूत

urvashi-sharma
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के निलंबित आईपीएस अमिताभ ठाकुर की पत्नी व सामाजिक कार्यकर्ता नूतन ठाकुर के खिलाफ आरटीआई एक्टिविस्ट उर्वशी शर्मा द्वारा दर्ज कराए गए मानहानि का केस में वादी ने कोर्ट के समक्ष बयान दर्ज कराकर सबूत पेश किए।

शिकायत कर्ता उर्वशी ने आज लखनऊ की अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दुर्गेश नंदिनी के समक्ष उपस्थित होकर सीआरपीसी की धारा 200 के तहत अपने बयान दर्ज कराकर अदालत को नूतन के अपराध के सबूत दे दिए हैं। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दुर्गेश नंदिनी ने मामले में सीआरपीसी की धारा 202 के तहत गवाह के बयान के लिए 30 जनवरी की तिथि निश्चित की है।

गौरतलब है कि आरटीआई एक्टिविस्ट उर्वशी शर्मा ने नूतन पर कानूनी नोटिस भेजकर उनकी व संस्था येश्वर्याज की मानहानि करने का आरोप लगाया था।

उर्वशी ने बताया कि बीते 05 नवम्बर को अमिताभ व उनकी पत्नी नूतन के विरुद्ध हाईकोर्ट इलाहाबाद की लखनऊ खंडपीठ में एक पीआईएल दायर की थी। पीआईएल खारिज होने के बाद नूतन ने मीडिया के माध्यम से उनपर पर पीआइएल यूपी के खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के इशारों पर दायर किये जाने का आधारहीन आरोप लगाया था। जिसके चलते नूतन से साक्ष्य की मांग की गयी थी।

सबूत न देने की स्थिति में नूतन के खिलाफ कानूनी कार्यवाही किये जाने की बात भी इस नोटिस में कही गयी थी। उर्वशी के अधिवक्ता त्रिभुवन कुमार गुप्ता ने नूतन ठाकुर की तरफ से कोई जबाब न आने पर उर्वशी की ओर से मुकदमा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया था।
 

Saturday, January 2, 2016

नूतन ठाकुर पर आईपीसी की धारा 499,500,501 और 502 में मुकद्दमा कायम।




लखनऊ/02 जनवरी 2016/ लखनऊ की सामजिक कार्यकत्री उर्वशी शर्मा ने आज शनिवार को उत्तर प्रदेश के निलंबित आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर की पत्नी और सामाजिक कार्यकत्री नूतन ठाकुर के खिलाफ अधिवक्ता त्रिभुवन कुमार गुप्ता के मार्फत मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है । उर्वशी ने लखनऊ की जुडिशिअल मजिस्ट्रेट दुर्गेश नंदिनी के समक्ष यह शिकायत दर्ज कराई है। अदालत ने  उर्वशी का मुकदमा दर्ज कर लिया है और इस मामले में उर्वशी का बयान 05 जनवरी मंगलवार को दर्ज होगा। उर्वशी ने नूतन पर आईपीसी की धारा 499,500,501 और 502  में मानहानि करने वाला अपराध बताते हुए कार्यवाही की प्रार्थना की है।


बताते चलें कि लखनऊ स्थित सामाजिक संगठन येश्वर्याज सेवा संस्थान की सचिव, सामाजिक कार्यकत्री और आरटीआई एक्टिविस्ट उर्वशी शर्मा ने यूपी के निलंबित चल रहे आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर की पत्नी सामाजिक कार्यकत्री और आरटीआई एक्टिविस्ट नूतन ठाकुर को इससे पहले हाई कोर्ट के अधिवक्ता त्रिभुवन कुमार गुप्ता के माध्यम  से कानूनी नोटिस भेजकर नूतन पर कायराना एवं दूषित मानसिकता के तहत उनकी व उनकी संस्था येश्वर्याज की मानहानि करने का आरोप लगाया था ।


उर्वशी ने बताया कि उन्होंने बीते 5 नवम्बर को सामाजिक संस्था येश्वर्याज की  सचिव की हैसियत से हाई कोर्ट इलाहाबाद की लखनऊ खंडपीठ में एक पी.आई.एल. दायर करके न्यायालय से यूपी के निलंबित आईपीएस अमिताभ  ठाकुर और उनकी पत्नी नूतन ठाकुर के विरुद्ध लंबित रेप और धोखाधड़ी की तथा अमिताभ  ठाकुर के विरुद्ध भ्रष्टाचार की एफ.आई.आर. की त्वरित विवेचना कराने के साथ साथ लोकायुक्त द्वारा अमिताभ ठाकुर के विरुद्ध की गयी जांच की अनुशंषाओं पर त्वरित कार्यवाही हेतु उत्तर प्रदेश सरकार को निर्देश देने का आग्रह किया था । इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने बीते 16 नवम्बर को येश्वर्याज की इस पीआइएल में किसी भी प्रकार का जनहित का मुद्दा नहीं बताते हुए इसे खारिज कर दिया था ।

उर्वशी ने बताया कि पीआईएल खारिज होने के बाद नूतन ठाकुर ने समाचार पत्रों के माध्यम से उन पर और उनकी संस्था येश्वर्याज पर यह पीआइएल यूपी के खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के इशारों पर दायर किये जाने का गलत और झूंठा और आधारहीन आरोप लगाया था ।


बकौल उर्वशी येश्वर्याज संस्था ने 2011-12 में पंजीकरण के बाद से आज तक किसी भी सरकारी या प्राइवेट संस्थान से किसी भी प्रकार की कोई भी मदद नहीं ली है और इसीलिये नूतन ठाकुर द्वारा उनकी संस्था पर सूबे के खनन मंत्री से मदद का आरोप लगाने से उनकी व उनके सामाजिक संगठन की घोर अपहानि कारित हुई थी ।


उर्वशी ने इस नोटिस के माध्यम से नूतन पर येश्वर्याज के प्रति दुर्भावना का आरोप लगाया था  और नूतन ठाकुर को 15 दिन का समय देते हुए नूतन के ‘गायत्री के इशारों पर पीआइएल किये जाने’ संबंधी वक्तव्य के सम्बन्ध में ठोस साक्ष्य एवं सबूतों की मांग की गयी थे । नूतन द्वारा सबूत न देने की स्थिति में नूतन के खिलाफ कानूनी कार्यवाही किये जाने की बात भी इस नोटिस में कही गयी  थी ।


उर्वशी के अधिवक्ता त्रिभुवन कुमार गुप्ता ने बताया कि नूतन ठाकुर की तरफ से कोई जबाब न आने पर आज उन्होंने वादिनी उर्वशी की ओर से यह मुकद्दमा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया था जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर लिया गया है ।