Tuesday, January 12, 2016

उत्तर प्रदेश में आरटीआई कार्यकर्ताओं के लिए सुरक्षा नीति का निर्धारण कर सुरक्षा दिलाने;आरटीआई कार्यकर्ताओं की हत्याओं के मामलों में स्पष्ट मुआवजा का निर्धारण कर मुआवजा दिलाने;सूचना आयुक्तों द्वारा सुनवाइयों में आरटीआई आवेदकों का उत्पीडन करने के प्रकरणों को अधिनियम की धारा 17 के तहत उच्चतम न्यायालय को संदर्भित करने;सूचना आयुक्तों द्वारा सुनवाइयों के सञ्चालन में अधिनियम के प्राविधानों से इतर कार्य करने के प्रकरण रोकने के लिए अधिनियम की धारा 15(4) के तहत ‘रूल्स ऑफ़ बिज़नेस’ बनवाकर लागू कराने;सूचना आयुक्तों की नियुक्तियों के लिए नियमावली बनाकर पारदर्शी प्रक्रिया से नियुक्तियां कराने तथा नयी आरटीआई नियमावली में अधिनियम की धारा 27 का अतिक्रमण कर बनाए गए अवैध नियमों को रद्द कराकर ही नियमावली लागू किये जाने के सम्बन्ध में l



YAISHWARYAJ   Seva  Sansthan     102,Narayan Tower,Opposite F Block Idgah ,Rajajipuram , Lucknow- 226017
                           Contact  : +919369613513,  +919305463313
 (Registration No. 1074-2011-2012)

Ref. No: YSS/2015-16/ 20160111/1                          Date :11th January 2016

सेवा में,
मा० राम नाईक   
श्रीमान राज्यपाल, उत्तर प्रदेश
लखनऊ, पिन  कोड  –  226001 

विषय : उत्तर प्रदेश में आरटीआई कार्यकर्ताओं के लिए सुरक्षा नीति का निर्धारण कर सुरक्षा दिलाने;आरटीआई कार्यकर्ताओं की हत्याओं के मामलों में स्पष्ट मुआवजा का निर्धारण कर मुआवजा दिलाने;सूचना आयुक्तों द्वारा सुनवाइयों में आरटीआई आवेदकों का उत्पीडन करने के प्रकरणों को अधिनियम की धारा 17 के तहत उच्चतम न्यायालय को संदर्भित करने;सूचना आयुक्तों द्वारा सुनवाइयों के सञ्चालन में अधिनियम के प्राविधानों से इतर कार्य करने के प्रकरण रोकने के लिए अधिनियम की धारा 15(4) के तहत ‘रूल्स ऑफ़ बिज़नेस’ बनवाकर लागू कराने;सूचना आयुक्तों की नियुक्तियों के लिए नियमावली बनाकर पारदर्शी प्रक्रिया से नियुक्तियां कराने तथा नयी आरटीआई नियमावली में अधिनियम की धारा 27 का अतिक्रमण कर बनाए गए अवैध नियमों को रद्द कराकर ही नियमावली लागू किये जाने के सम्बन्ध में l

महोदय,
       येश्वर्याज सेवा संस्थान लखनऊ स्थित एक सामाजिक संगठन है जो विगत 15  वर्षों से अनेकों सामाजिक क्षेत्रों के साथ-साथ 'लोकजीवन में पारदर्शिता संवर्धन और जबाबदेही निर्धारण' के क्षेत्र  में कार्यरत है l
सादर अवगत कराना है कि आरटीआई कार्यकर्ताओं की हत्या में उत्तर प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है l हाल के 10 वर्षों में देश में 39 आरटीआई कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है और 275 कार्यकर्ताओं को हमले व अन्य तरीकों से प्रताडि़त किया गया है। हत्याओं के 6 मामले उत्तर प्रदेश से हैं । आरटीआई कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमलों के मामले में उत्तर प्रदेश ऐसे 25 मामलों के साथ देश में तीसरे स्थान पर है। 
सूचना का अधिकार अधिनियम भारत के संविधान के अनुच्छेद 19 और 21 के तहत भारत के नागरिकों को प्राप्त मूल अधिकार को क्रियान्वित करने के लिए पद्धति का निर्धारण करने वाला अधिनियम है  किन्तु दुःख का विषय है कि जब जागरूक नागरिक वर्ग द्वारा इस अधिनियम का प्रयोग सरकारों के भ्रष्टाचार को रोकने और सरकारों को लोकतंत्र के प्रति उत्तरदायी बनाने के लिए किया जाता है तो आरटीआई के प्रयोग से प्रभावित पक्ष इस जागरूक नागरिक वर्ग का उत्पीडन शुरू कर देते हैं l कई मामलों में इस उत्पीडन की परिणति आरटीआई कार्यकर्ताओं की हत्या के रूप में सामने आयी है l इन मामलों में सर्वाधिक दुर्भाग्यपूर्ण पक्ष यह है कि आरटीआई एक्ट के संरक्षक की भूमिका निभाने के लिए बनाया गया उत्तर प्रदेश का राज्य सूचना आयोग भी इन मामलों में न केवल मूकदर्शक बना रहता है अपितु भांति-भांति से आरटीआई आवेदकों का उत्पीडन भी करता रहता है l
इस मामले में बहराइच के आरटीआई कार्यकर्ता स्व० गुरु प्रसाद का प्रकरण उल्लेखनीय है जिन्होंने हत्या से कुछ दिन पूर्व 18 अप्रैल 15 को हमारी संस्था द्वारा आयोजित राष्ट्रीय आरटीआई सेमिनार में बोलते हुए उत्तर प्रदेश के राज्य सूचना आयोग को आरटीआई कार्यकर्ताओं के जीवन के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया था।

एक तरफ प्रदेश सरकार लोगों को लखनऊ बुलाकर और लोगों के घर जाकर मुआवजा दे रही है तो वहीं दूसरी ओर प्रदेश की सतारूढ़ समाजवादी पार्टी समर्थित पूर्व प्रधान द्वारा श्री  गुरु प्रसाद की हत्या के बाद उनके परिवार को 25 लाख रूपया ,सरकारी योजना के तहत 1  आवास,परिवार के 1 सदस्य को सरकारी नौकरी,परिवार की सुरक्षा,मृतक की सभी आरटीआई सूचनाओं को सूचना आयोग की वेबसाइट पर सार्वजनिक करने, मृतक की लंबित शिकायतों का निपटारा समयबद्ध रूप से करने,उत्तर प्रदेश सूचना आयोग के आयुक्तों द्वारा सूचना दिलाने में देरी के मामले की जांच कराने,राज्य सरकार के अधिकारियों द्वारा मृतक की शिकायतों के  मामलों के निपटारे में देरी करने के मामले की जांच कराने और एफआईआर में नामित अभियुक्तों पर रासुका की धारा  तामील कराने की मांगों को पूरा कराने के लिए लखनऊ आकर 12 अक्टूबर 2015 से 14 दिन धरने पर बैठना पड़ा था l लखनऊ के जिलाधिकारी द्वारा 3 माह में कार्यवाही के आश्वाशन पर पीड़ित परिवार द्वारा धरना स्थगित किया गया था किन्तु पीड़ित परिवार अब तक राज्य सरकार की उदासीनता का शिकार है और अभावों और डर के बीच रहकर मुआवजे और सुरक्षा का इन्तजार कर रहा है l इससे राज्य सरकार की मुआवजा नीति का भेदभावपूर्ण होना स्वतः ही सिद्ध हो रहा है । आपसे अनुरोध है कि उत्तर प्रदेश में आरटीआई कार्यकर्ताओं के लिए स्पष्ट सुरक्षा नीति का निर्धारण कर सुरक्षा दिलाने और आरटीआई कार्यकर्ताओं की हत्याओं के मामलों में स्पष्ट मुआवजा का निर्धारण कर मुआवजा दिलाने की कार्यवाही कराने की कृपा करें l

सूचना आयुक्तों द्वारा सुनवाइयों में आरटीआई आवेदकों का उत्पीडन करने पर इन आरटीआई आवेदकों द्वारा इन प्रकरणों को अधिनियम की धारा 17 के तहत कार्यवाही हेतु आपके कार्यालय को प्रेषित किया जाता है किन्तु आपके कार्यालय द्वारा इन मामलों को जांच हेतु उच्चतम न्यायालय को संदर्भित करने के स्थान पर उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक सुधार विभाग को प्रेषित कर दिए जाने के कारण इन मामलों पर कोई भी कार्यवाही नहीं हो पा रही है और इस कारण सूचना आयुक्तों द्वारा आरटीआई आवेदकों का उत्पीडन किये जाने की घटनाओं में उत्तरोत्तर वृद्धि हो रही है lउत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग में आरटीआई आवेदकों के उत्पीडन के  मामलों में पारदर्शिता,जबाबदेही और मानवाधिकार संरक्षण के मुद्दों पर कार्य कर रही हमारे संगठन की एक इकाई ‘तहरीर’ द्वारा की गयी एक शिकायत का संज्ञान लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भारत सरकार के कैबिनेट सचिव को पत्र लिखकर सूचना आयोगों में आरटीआई कायकर्ताओं के मानवाधिकारों के संरक्षण की कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया था जिसके आधार पर भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने भारत के सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर सूचना आयोगों में आरटीआई आवेदकों के मानवाधिकारों का संरक्षण कराने को निर्देशित किया है किन्तु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा  राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देशों पर कोई भी कार्यवाही न किये जाने के कारण उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग में आरटीआई आवेदकों के मानवाधिकारों का उल्लंघन लगातार जारी है lकृपया उत्तर प्रदेश सरकार को निर्देशित कर उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देशों का अनुपालन कराने की कृपा करें l

वर्तमान में उत्तर प्रदेश के सूचना आयुक्तों द्वारा सुनवाइयों के सञ्चालन में अधिनियम के प्राविधानों से इतर कार्य किया जा रहा है l अधिकांश सूचना आयुक्त प्रायः कार्यस्थल पर देर से आते हैं और जल्दी चले जाते है l सूचना आयुक्त बिना पूर्व सूचना के प्रायः अनुपस्थित रहते हैं जिसके कारण दूर-दराज से आने वाले आरटीआई आवेदकों को तारीख देकर उनका उत्पीडन किया जा रहा है lसूचना आयुक्तों द्वारा निर्णय पारित करने में अपने विवेक का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है अपितु यांत्रिक रीति से अधिनियम के प्राविधानों की अनदेखी करके आदेश पारित किये जा रहे हैं l इस मामले में मुख्य सूचना आयुक्त श्री जावेद उस्मानी द्वारा आरटीआई एक्ट की धारा 6(3) का प्रयोग कराने के स्थान पर बिना सूचना दिलाये निस्तारित की गयी शिकायत संख्या एस-1/1683/सी/2014 का आदेश  दिनांक 16/03/15 और सूचना आयुक्त श्री अरविन्द सिंह बिष्ट द्वारा आरटीआई एक्ट की धारा 6(2) का उल्लंघन करके आरटीआई आवेदक की व्यक्तिगत सूचना सार्वजनिक करने के दूषित उद्देश्य से आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किये गए और आरटीआई एक्ट के अंतर्गत दायर 41 स्वतंत्र  आरटीआई आवेदनों पर दायर अपीलों/शिकायतों को बिना सूचना दिलाये निस्तारित किये गए केस संख्या एस3-679/सी/2012 का आदेश दिनांक 30/07/15 उल्लेखनीय है अतः अब यह आवश्यक हो गया है कि उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग में शिकायतें और अपीलें प्राप्त करने से लेकर उनका निस्तारण होंकर आदेश आरटीआई आवेदक को देने तक की सम्पूर्ण प्रक्रिया को विनियमित करने वाली कार्यप्रणाली को पारदर्शी और जबाबदेह बनाने के लिए अधिनियम की धारा 15(4) के तहत ‘रूल्स ऑफ़ बिज़नेस’ बनवाकर लागू कराये जाएँ lआपसे अनुरोध है कि उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग ‘रूल्स ऑफ़ बिज़नेस’ बनवाकर लागू कराने की कृपा करें l  

आरटीआई एक्ट की धारा 15(5) में विहित है कि सूचना आयुक्त के पद पर नियुक्त व्यक्ति व्यापक ज्ञान और अनुभव वाले समाज में प्रख्यात व्यक्ति होंगे और इन पदों पर वर्तमान में नियुक्त 9 सूचना आयुक्त राज्य सरकार के मुख्य सचिव के स्तर की सभी सुविधाओं का उपभोग कर भी रहे हैं किन्तु उत्तर प्रदेश शासन के प्रशासनिक सुधार अनुभाग-2 के पत्र संख्या 782/43-2-2015 दिनांक 16 दिसंबर 2015 द्वारा इन सभी सूचना आयुक्तों को इनसे सम्बंधित सूचनाएं सार्वजनिक किये जाने की सहमति/असहमति देने के लिए अनुस्मारक नोटिस भेजे जाने से स्पष्ट है कि ये सभी न तो पारदर्शिता के प्रति ही प्रतिबद्ध हैं और न ही  विवेकशील निर्णय लेने में सक्षम हैं l अतः आपसे अनुरोध है कि सूचना आयुक्तों की नियुक्तियों के लिए नियमावली बनाकर भविष्य में पारदर्शी प्रक्रिया से सुयोग्य व्यक्तियों की ही नियुक्तियां कराने की कृपा करें l

सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 की धारा 27 में विहित है कि समुचित सरकार इस अधिनियम की धारा 4(4) के अधीन प्रसारित की जाने वाली सामग्रियों की लागत या प्रिंट लागत मूल्य;धारा 6(1) के अधीन संदेय फीस; धारा 7(1) और 7(5) के अधीन संदेय फीस; धारा 13(6) और 16(6) के अधीन अधिकारियों,कर्मचारियों के वेतन,भत्ते,सेवा के निबंधन,शर्तें आदि; धारा 19(10) के अधीन अपीलों के विनिश्चय में सूचना आयोगों द्वारा अपनाई जाने वाली प्रक्रिया से ही सम्बंधित नियम बना सकती है किन्तु उत्तर प्रदेश सरकार ने  अधिनियम की धारा 27 का अतिक्रमण करके अनेकों गैरकानूनी प्राविधान करके उत्तर प्रदेश सूचना का अधिकार अधिनियम नियमावली 2015 बनायी है l इस सम्बन्ध में हमारे संगठन ने दिनांक 08/01/16 को महोदय को विस्तृत आपत्तियां प्रेषित कीं थीं l आपसे अनुरोध है कि उत्तर प्रदेश सूचना का अधिकार अधिनियम नियमावली 2015 द्वारा बनाए गए अवैध नियमों को रद्द कराकर ही नियमावली लागू किये जाने के सम्बन्ध में आवश्यक कार्यवाही कराने की कृपा करें l

अत्यधिक अपेक्षाओं सहित सादर प्रेषित l
 
भवदीया

( उर्वशी शर्मा )
सचिव







Mobile Helpline : +919455553838 ,+918081898081 Web    Helpmail : upcpri@gmail.com
Raising and Solving  (Youth-awakening , Agricultural , Industrial & unorganized sector-child-labor  ,Social , Health  , Women-empowerment , Atmosphere-conservation , Rehabilitation   , Yoga-awakening, Anti-Corruption &  Judicial ) Issues  with the People  ,for the People, Forever.

Sunday, January 10, 2016

सूचना आयोग में भ्रष्टाचार बढायेगी आरटीआई एक्ट की धार कुंद करने के लिए बनायी गयी यूपी की आरटीआई नियमावली 2015: उर्वशी शर्मा





लखनऊ/09 जनवरी 2016/ यूपी की अखिलेश सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश सूचना का अधिकार नियमावली 2015 जारी करने के बाद आरटीआई एक्टिविस्ट उद्देलित हैं और पारदर्शिता के क्षेत्र में विगत 15 वर्षों से काम कर रहे लखनऊ के सामाजिक संगठन येश्वर्याज सेवा संस्थान की सचिव उर्वशी शर्मा की अगुआई में लामबंद हो रहे हैं. आरटीआई कार्यकर्ताओं ने इस नियमावली को सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 की मूल मंशा के खिलाफ बताते हुए आशंका व्यक्त की है कि आरटीआई एक्ट की धार कुंद करने के लिए बनायी गयी यूपी की  यह नयी आरटीआई नियमावली सूचना आयोग में भ्रष्टाचार बढायेगी.

सामाजिक और आरटीआई एक्टिविस्ट उर्वशी ने बताया कि उन्होंने सूबे के राज्यपाल राम नाइक और  मुख्य राज्य सूचना आयुक्त जावेद उस्मानी समेत आयोग के सचिव को और रजिस्ट्रार को भी इस नियमावली पर नियमवार आपत्तियां भेजकर इस नयी आरटीआई नियमावली के अनेकों प्राविधानों को गैरकानूनी और जनविरोधी बताते हुए नियमावली के गैरकानूनी प्राविधानों पर आपत्तियां देकर इस नियमावली के क्रियान्वयन पर तत्काल रोक लगाकर गैरकानूनी प्राविधानों को हटाने के बाद ही नियमावली को लागू करने की मांग की है l

 

उर्वशी ने बताया कि उनका संगठन आने बाले सोमवार को आरटीआई एक्टिविस्टों के साथ उत्तर प्रदेश के सभी 9 सूचना आयुक्तों से भेंट कर उन सभी को भी इस नियमावली की खामियों से अवगत कराएगा.

 

 

येश्यर्याज द्वारा उठायी गयी 12 आपत्तियां नीचे दी जा रही हैं :

1-      नियमावली के नियम 2(ज) के द्वारा आरटीआई आवेदकों के लिए प्रारूपों का निर्धारण करना आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध है और आरटीआई एक्ट की धारा 5(3) व 6(1) के परंतुक का उल्लंघनकारी है l भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने कार्यालय ज्ञाप No. 10/1/2013-IR दिनांक 06/10/2015 के द्वारा स्पष्ट किया है कि आरटीआई एक्ट के प्रयोग के लिए कोई प्रारूप-निर्धारण नहीं किया जा सकता है l
2-  नियमावली के नियम 4 के अंतर्गत सूचना अभिप्राप्त करने के लिए अनुरोध को शासित करने बाले नियम 4(1), 4(2) आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध हैं और आरटीआई एक्ट की धारा 5(3) व 6(1) के परंतुक का उल्लंघनकारी होने के कारण गैरकानूनी हैं l
3-      आरटीआई एक्ट सूचना दिलाने का अधिनियम है किन्तु नियमावली के नियम 4(5) के परंतुक द्वारा सूचना देने से मना करने का नियम बनाया गया है जो आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध है और आरटीआई एक्ट की धारा 6(1),7(1),7(3) और 7(5) के परंतुक के साथ पठित धारा 6(3) का उल्लंघनकारी होने के कारण गैर-कानूनी है l
4-      नियमावली के नियम 5 में गरीबी रेखा से नीचे रहने बाले आरटीआई आवेदकों को निःशुल्क सूचना उपलब्ध कराने का कोई भी उल्लेख न होने के कारण यह आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध है और आरटीआई एक्ट की धारा 7(5) के परंतुक का उल्लंघनकारी होने के कारण गैर-कानूनी है l
5-      नियमावली का नियम 7(2)(छः) असंगत होने के कारण गैर-कानूनी है क्योंकि उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग में की जाने वाली द्वितीय अपीलें और शिकायतें प्रथम अपीलीय अधिकारी के विरुद्ध नहीं अपितु जनसूचना अधिकारी के ही विरुद्ध ही स्वीकार की जा रही हैं l
6-      नियमावली के नियम 9(1) में  आरटीआई आवेदकों को आयोग में जबरन समन करने की व्यवस्था गैर-कानूनी है और आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध है l साथ ही साथ इसी नियमावली के नियम 9(2) के द्वारा आयोग की सुनवाइयों में  राज्य लोक सूचना अधिकारी की उपस्थिति की बाध्यता समाप्त कर देने और नियम 10 के द्वारा सरकारी खर्चे पर आने वाले लोकसेवकों के अनुरोध पर सुनवाई का स्थगन प्रभावी होने से अपने पैसे खर्च कर आयोग आने वाले गरीब आरटीआई आवेदकों का वित्तीय उत्पीडन होगा l
7-      नियम 9(2) के द्वारा आयोग की सुनवाइयों में  राज्य लोक सूचना अधिकारी की उपस्थिति की बाध्यता समाप्त कर देना और नियम 10 के द्वारा लोकसेवकों के अनुरोध पर सुनवाई का स्थगन प्रभावी करना गैर-कानूनी है और आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध है l साथ ही साथ ऐसा करने से लोकसेवकों में आरटीआई एक्ट के अनुपालन के प्रति डर समाप्त हो जायेगा और सूचना आयोग में भी अदालतों बाली ‘तारीख-पे-तारीख’ वाली कार्यसंस्कृति आयेगी तथा भ्रष्ट जनसूचना अधिकारी-सूचना आयुक्त गठजोड़ और भी मजबूत होने के कारण सूचना आयोग में प्रत्येक स्तर पर भ्रष्टाचार का सिस्टम पैदा होगा और पुष्ट भी होगा l
8-    नियम 11 के द्वारा राज्य लोक सूचना अधिकारी की अर्जी पर मामले को सुनवाई कर रहे आयुक्त से इतर अंतरित करने की व्यवस्था करना गैर-कानूनी है और आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध है l साथ ही साथ ऐसी व्यवस्था करने से राज्य लोक सूचना अधिकारियों द्वारा उत्तर प्रदेश के सूचना आयोग में आरटीआई एक्ट का सम्यक अनुपालन करा रहे ईमानदार सूचना आयुक्तों से अपने मामले अंतरित कराकर अपने भ्रष्ट गठजोड़ बाले सूचना आयुक्त के यहाँ पंहुचाने का कुचक्र किया जायेगा जिससे आरटीआई एक्ट का सम्यक अनुपालन करा रहे ईमानदार सूचना आयुक्तों का मनोबल गिरेगा और सूचना आयोग में धीरे-धीरे भ्रष्टाचार की व्यवस्था पुष्ट होती जायेगी l
9-    नियम 12 के द्वारा राज्य लोक सूचना अधिकारी की अर्जी पर आयोग द्वारा पारित दण्डादेश को बापस लेना अधिनियम की धारा 19(7) और 23 के प्रतिकूल होने के साथ साथ इस स्थापित विधि के भी प्रतिकूल है कि  विधायिका द्वारा स्पष्ट अधिकार दिए बिना किसी भी न्यायिक,अर्द्ध-न्यायिक या प्रशासकीय संस्था को अपने ही आदेश का रिव्यु करना या उसे बदलना अवैध होता है lउत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग भी एक प्रशासकीय संस्था है और इस स्थापित विधि के अनुसार इसके द्वारा अपने आदेश को बदलना गैर-कानूनी है l इस नियम की ओट में सूचना आयुक्तों द्वारा लोक सूचना प्राधिकारियों के दंड के आदेशों को बापस लिया जायेगा जिसके कारण एक्ट की धारा 20 निष्प्रभावी हो जायेगी और सूचना आयोग में धीरे-धीरे भ्रष्टाचार की व्यवस्था भी पुष्ट होती जायेगी l
10- नियम 13(1) के आरटीआई आवेदक द्वारा अपील को बापस लिए जाने की व्यवस्था की गयी है जो आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध है और आरटीआई एक्ट की धारा 7(1) का उल्लंघनकारी होने के कारण गैर-कानूनी है l साथ ही इससे अपील से सम्बंधित सूचना के प्रभावित पक्ष द्वारा आरटीआई आवेदकों को धमकाकर या प्रलोभन देकर अपील को बापस कराने की घटनाओं में बढोत्तरी होगी जिससे सही आरटीआई आवेदकों को खतरा उत्पन्न होगा और दूषित उद्देश्य से आरटीआई आवेदन लगाने बाले आरटीआई आवेदकों का एक नया वर्ग सामने आएगा  जिसके कारण एक्ट कमजोर भी होगा और बदनाम भी l
11-  नियम 13(3) में सूचना आवेदक की मृत्यु पर उसके समस्त आरटीआई आवेदनों पर सूचना दिलाने की कार्यवाहियां रोक देने की की व्यवस्था की गयी है जो आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध है और आरटीआई एक्ट की धारा 7(1) का उल्लंघनकारी होने के कारण गैर-कानूनी है l इस असंवैधानिक व्यवस्था कर देने के चलते अब ऊंची पंहुच बाले और रसूखदार लोकसेवकों के भ्रष्टाचार के मामलों की सूचना मांगे जाने पर आरटीआई आवेदकों की सीधे-सीधे हत्याएं की जायेंगी और यूपी में आरटीआई आवेदक अब और अधिक असुरक्षित हो गए हैं l
12-  नियम 19 यूपी में दूसरी राज्यभाषा का दर्जा प्राप्त उर्दू से भेदभाव करता है और उर्दू में किये गए आरटीआई पत्राचार के हिंदी या अंग्रेजी ट्रांसलेशन को जमा करने को बाध्यकारी बनाता है l यह नियम आरटीआई एक्ट की मूल मंशा के विरुद्ध है और आरटीआई एक्ट की धारा 6(1) का उल्लंघनकारी होने के कारण गैर-कानूनी तो है ही साथ ही साथ प्रदेश की 19% मुस्लिम आबादी के साथ भेदभाव करने वाला होने के कारण अलोकतांत्रिक भी है l


नियमावली वेबलिंक https://www.docdroid.net/kfmuE5e/up-rti-rules-2015.pdf.html  पर उपलब्ध है और यहाँ से डाउनलोड की जा सकती है.  







  

आरटीआई कार्यकर्ताओं की समस्याओं के मुद्दों पर येश्वर्याज सेवा संस्थान के प्रतिनिधिमंडल की राज्यपाल से भेंटवार्ता कल 4 बजे सायंकाल और भेंट के उपरांत राजभवन के बाहर मीडिया संबोधन.

    

लखनऊ/10 जनवरी 2016/ कल दिनांक 11 जनवरी 2016 को 4 बजे सायंकाल लखनऊ के सामजिक संगठन येश्वर्याज सेवा संस्थान की सचिव और सामाजिक कार्यकत्री उर्वशी शर्मा के नेतृत्व में 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक से भेंटवार्ता करेगा. 


उर्वशी ने बताया कि उनके संगठन की ओर से किये गए लिखित अनुरोध पर राज्यपाल ने यूपी के आरटीआई कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर वार्ता हेतु कल शाम 4 बजे मिलने का समय दिया है. उर्वशी ने बताया कि कल उनके साथ जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में आरटीआई कार्यकर्ता तनवीर अहमद सिद्दीकी,अधिवक्ता रुवैद अहमद किदवई और बहराइच के मृत आरटीआई कार्यकर्ता गुरु प्रसाद के परिवारीजन शामिल रहेंगे.  


उर्वशी ने बताया कि वे राज्यपाल से आरटीआई कार्यकर्ताओं की हत्याओं के मामले में मुआवजा न दिए जाने,सूचना आयुक्तों की अक्षमता, सूचना आयुक्तों द्वारा आरटीआई कार्यकर्ताओं का उत्पीडन किये जाने और राज्य सरकार द्वारा गैरकानूनी ढंग से आरटीआई नियमावली बनाने समेत आरटीआई कार्यकर्ताओं की समस्याओं के विभिन्न मुद्दों पर राज्यपाल से चर्चा करेंगी.


समाजसेवी तनवीर अहमद सिद्दीकी ने बताया कि हमारा प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से भेंट के उपरांत राजभवन के बाहर ही मीडिया को संबोधित भी करेगा.