Wednesday, April 20, 2016

यूपी : सबसे खराब काम करने वाले सूचना आयुक्त का पता लगाने के लिए सर्वे 23 अप्रैल को लखनऊ में




  


लखनऊ / 20 अप्रैल 2016/ आगामी 23 अप्रैल को यूपी की राजधानी लखनऊ में एक अनूठा सर्वे होने जा रहा है. उत्तर प्रदेश के राज्य सूचना आयोग में बर्तमान कार्यरत मुख्य सूचना आयुक्त और 9 सूचना आयुक्तों में से सबसे खराब कार्य करने वाले सूचना आयुक्त का पता लगाने के लिए एक सामाजिक संस्था द्वारा किये जा रहे इस सर्वे का कार्य दिनांक 23 अप्रैल 2016 दिन शनिवार को राजधानी के हजरतगंज जीपीओ स्थित महात्मा गांधी पार्क में 11 बजे पूर्वाह्न से 4 बजे अपराह्न तक किया जाएगा. यूपी में विगत 15 वर्षों से पारदर्शिता संवर्धन और जबाबदेही निर्धारण के क्षेत्र में कार्य कर रही सामाजिक संस्था येश्वर्याज सेवा संस्थान इसी दिन एक और सर्वे कराकर आरटीआई एक्ट को प्रभावी रूप से लागू करने के मार्ग की सबसे बड़ी बाधा का पता लगाने के लिए भी सर्वे करा रही है.कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि इस दिन एक आरटीआई जनजागरूकता कैंप का भी आयोजन किया जा रहा है जिसमें उपस्थित आरटीआई एक्सपर्ट कैंप में आने वाले आम जन को आरटीआई एक्ट के प्रयोग में आ रही दिक्कतों के व्यवहारिक समाधान सुझायेंगे. कार्यक्रम में नई दिल्ली की सामाजिक संस्था कॉमनवेल्थ ह्यूमन राइट्स इनिशिएटिव (सी.एच.आर.आई) के सौजन्य से आरटीआई मार्गदर्शिका का निःशुल्क वितरण भी किया जाएगा.




 कार्यक्रम की आयोजिका सामाजिक कार्यकत्री और येश्वर्याज की सचिव उर्वशी शर्मा ने बताया कि उनकी संस्था के स्वयंसेवी इस सर्वे के लिए आम जनता और कैंप में आये लोगों से एक फॉर्म भरवाकर उनकी राय लेंगे. उर्वशी ने बताया कि विगत कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश के सूचना आयुक्तों द्वारा सुनवाइयों के दौरान आरटीआई प्रयोगकर्ताओं के उत्पीडन की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है और वर्तमान सूचना आयुक्तों में से कुछ आयुक्तों के द्वारा अपने पद ग्रहण के समय ली गयी शपथ के प्रतिकूल जाकर पारदर्शिता विरोधी माइंडसेट के तहत आरटीआई एक्ट को कमजोर करने वाले कृत्य किये जा रहे है. उर्वशी का कहना है कि  सूचना आयुक्तों का इस प्रकार का व्यवहार किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है और ऐसे आयुक्तों को पद पर बने रहने का कोई भी विधिक और नैतिक अधिकार नहीं है. उर्वशी ने बताया कि इस सर्वे के आधार पर उत्तर प्रदेश के वर्तमान कार्यरत मुख्य सूचना आयुक्त जावेद उस्मानी और 9   सूचना आयुक्तों अरविन्द सिंह बिष्ट,गजेन्द्र यादव,खदीजतुल कुबरा,पारस नाथ गुप्ता,हाफिज उस्मान,राजकेश्वर सिंह,विजय शंकर शर्मा,स्वदेश कुमार और हैदर अब्बास रिज़वी में से सबसे निकृष्ट का चयन करके उसे पदच्युत करने के लिए पहले यूपी के राज्यपाल से गुहार लगाई जायेगी और यदि आवश्यक हुआ तो उच्च न्यायालय में पीआईएल भी दायर की जायेगी.



उर्वशी ने बताया कि क्योंकि यूपी के समाजसेवी उनकी अगुआई में बीते 11 अप्रैल को ‘आरटीआई भवन’ के मुख्यद्वार के सामने मुख्य सूचना आयुक्त  और सभी 9 सूचना आयुक्तों का पुतला दहन कर सूचना आयुक्तों के प्रति अपना रोष जाहिर कर चुके हैं इसलिए उनके संगठन द्वारा यह खुला सर्वे पारदर्शी रीति से कराया जा रहा है और इस सर्वे कार्य की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए उनके संगठन ने यूपी के राज्यपाल, प्रशासनिक सुधार विभाग के प्रमुख सचिव, मुख्य सूचना आयुक्त जावेद उस्मानी और सूचना आयोग के सचिव को पत्र लिखकर इस सर्वे कार्य के पर्यवेक्षण के लिए अपने प्रतिनिधियों को भेजने का आग्रह भी किया है.



उर्वशी ने बताया कि इस सर्वे के आधार पर आरटीआई एक्ट के इम्प्लीमेंटेशन में आ रही समस्याओं में से सबसे बड़ी समस्या का भी पता लगाकर यूपी के सीएम के माध्यम से उसके समाधान के प्रयास किये जायेंगे.




कार्यक्रम की आयोजिका उर्वशी ने बताया कि कार्यक्रम में ‘येश्वर्याज सेवा संस्थान’ के साथ दो अन्य पंजीकृत संस्थाएं ‘सूचना का अधिकार बचाओ अभियान’ और ‘एस.आर.पी.डी.एम.एस. सेवा संस्थान’ भी सहभागी संस्थाओं के रूप में प्रतिभाग कर रही हैं. ‘सूचना का अधिकार बचाओ अभियान’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और समाजसेवी तनवीर अहमद सिद्दीकी कार्यक्रम का समन्वयन करेंगे, ‘एस.आर.पी.डी.एम.एस. सेवा संस्थान’ के सचिव आर. एस. यादव कैंप में आर.टी.आई. एक्सपर्ट के रूप में उपस्थित रहेंगे और उच्च न्यायालय इलाहाबाद की लखनऊ खंडपीठ के अधिवक्ता रुवैद कमाल किदवई कैंप में आरटीआई मामलों पर विधिक सलाह देने के लिए उपस्थित रहेंगे.      



Tuesday, April 19, 2016

UP में R.T.I. एक्ट के लागू होने के 11वें वर्ष में RTI जनजागरूकता कैंप एवं खुला सर्वेक्षण

UP में R.T.I. एक्ट के लागू होने के 11वें वर्ष में RTI जनजागरूकता कैंप एवं
खुला सर्वेक्षण

1) आरटीआई एक्ट को प्रभावी रूप से लागू करने के मार्ग की सबसे बड़ी बाधा का पता लगाने के लिए जन सूचना अधिकारियों की कार्यप्रणाली,प्रथम अपीलीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली,राज्य सूचना आयोग की कार्यप्रणाली तथा आरटीआई नियमावली 2015 के एक्ट विरोधी नियमों में किसी 1 का चुनाव करने के लिए और
2) उत्तर प्रदेश के वर्तमान सूचना आयुक्तों में से सबसे निकृष्ट आयुक्त का चयन करने के लिए

दिनांक और समय : 23 अप्रैल 2016,दिन शनिवार,11 बजे पूर्वाह्न से 4 बजे अपराह्न तक

स्थान : UP की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज जीपीओ के पास स्थित महात्मा गांधी पार्क में

आयोजक संस्था : येश्वर्याज सेवा संस्थान,लखनऊ

निःशुल्क आरटीआई मार्गदर्शिका वितरण : कॉमनवेल्थ ह्यूमन राइट्स इनिशिएटिव (सी.एच.आर.आई), नई दिल्ली के सौजन्य से

सहयोगी संस्थाएं : सूचना का अधिकार बचाओ अभियान (सी.पी.आर.आई.), एस.आर.पी.डी.एम.एस. सेवा संस्थान

आयोजिका : उर्वशी शर्मा (मोबाइल 9369613513)
समन्वयक : तनवीर अहमद सिद्दीकी (मोबाइल 9335011869)
मोबाइल हेल्पलाइन 8081898081 & 9455553838 Helpmail upcpri@gmail.com Blog http://upcpri.blogspot.in/

Tuesday, April 12, 2016

UP सूचना आयुक्तों का पुतला फूंक समाजसेवियों ने बुलंद की महिला यौन उत्पीडन मामलों की जांच के लिए विशाखा समिति बनाने और सुनवाइयों की शत-प्रतिशत वीडियो रिकॉर्डिंग सार्वजनिक करने की मांग














































लखनऊ / 11 अप्रैल 2016 / उत्तर प्रदेश का सूचना आयोग राजधानी के अशोक मार्ग स्थित इंदिराभवन  से राजधानी के  पॉश गोमती नगर इलाके के विभूति खंड में बने नए ‘आरटीआई भवन’ में अंतरित होकर आज से कार्यशील हो गया है पर 20 करोड़ की लागत से बने इस अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन में कार्य आरम्भ होने से पहले ही इसके साथ इसके साथ मुख्य सूचना आयुक्त और 9 अन्य सूचना आयुक्तों के पुतले के दहन का काला अध्याय जुड़ गया है l नवनिर्मित ‘आरटीआई भवन’ में कार्य करना शुरू करने से पहले ही यूपी के मुख्य सूचना आयुक्त और 9 अन्य सूचना आयुक्तों को समाजसेवियों के कोप का भाजन बनना पड़ा है l समाजसेवियों ने लखनऊ की आरटीआई कार्यकत्री उर्वशी शर्मा के नेतृत्व में  गोमती नगर स्थित लोहिया अस्पताल के मुख्य द्वार के निकट इकट्ठे होकर कड़े पुलिस प्रतिरोध को धता-बताकर मुख्य सूचना आयुक्त और 9 अन्य सूचना आयुक्तों के पुतले के साथ ‘आरटीआई भवन’ तक नारे लगाते हुए जुलूस निकाला और आरटीआई भवन के मुख्य द्वार के सामने मुख्य सूचना आयुक्त और 9 अन्य सूचना आयुक्तों की कार्यप्रणालियों के विरोध में नारे लगाते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग में महिला यौन-उत्पीडन मामलों की जांच के लिए विशाखा समिति बनाने और आयोग की सभी कार्यवाहियों की शत-प्रतिशत वीडियो रिकॉर्डिंग कराने,इन रिकॉर्डिंग्स को आईटी एक्ट में प्राविधानित समय तक संरक्षित रखकर किसी भी पक्षकार द्वारा मांगे जाने पर उपलब्ध कराने की मांग बुलंद करते हुए पुतला दहन किया l

पुतला दहन के बाद उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कार्यक्रम की संयोजिका समाजसेविका उर्वशी शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सूचना आयुक्तों द्वारा आरटीआई आवेदकों , जिनमें महिला आरटीआई आवेदक भी हैं,का प्रायः ही उत्पीडन किया जा रहा है l बकौल उर्वशी सूचना आयुक्त आरटीआई एक्ट के प्राविधानों से इतर कार्य कर भ्रष्टाचार में लिप्त होकर व्यक्तिगत अभिलाभ अर्जित करने के दुरुद्देश्य की पूर्ति करने के चलते ही आयोग की कार्यवाहियों की शत प्रतिशत वीडियो रिकॉर्डिंग कराकर सार्वजनिक करने का विरोध कर रहे हैं l उर्वशी का कहना था कि यद्यपि आरटीआई एक्ट में सूचना आयुक्तों के लिए पारदर्शिता के संरक्षक की भूमिका निर्धारित है पर यूपी के वर्तमान सूचना आयुक्त इससे उलट नितांत अपारदर्शी और निरंकुश रीति से कार्य कर पारदर्शिता के विनाशक बनते जा रहे हैं l सूचना आयुक्त भ्रष्टाचार में लिप्त होकर न केवल दोषी जन सूचना अधिकारियों को संरक्षण देकर भ्रष्टाचार को पोषित कर रहे हैं अपितु आरटीआई आवेदकों द्वारा भ्रष्टाचार से सम्बंधित संवेदनशील प्रकरणों की सूचना मांगने पर आयुक्त उन पर उन पर झूंठे आरोप लगाकर उनको सुनवाइयों में आने से रोकने का षड्यंत्र करने से भी नहीं चूक रहे हैं l उर्वशी ने कहा कि उनको पूरी आशंका है कि अपेक्षाकृत सुनसान गोमती नगर के विभूति खंड में बने इस नए आरटीआई भवन  में शत-प्रतिशत वीडियो रिकॉर्डिंग के बिना सुनवाई होने और इसे सार्वजनिक किये जाने की स्पष्ट व्यवस्था न होने पर आरटीआई आवेदक तो और अधिक असुरक्षित हो ही जायेंगे साथ ही साथ कुछ ही दिनों में सूचना आयुक्तों के और अधिक निरंकुश और भ्रष्ट होने से आयोग में आरटीआई आवेदकों की अनुपस्थितियों और सूचनाओं के सार्वजनिक न होने के चलते यूपी में सूचना आयोग की उपस्थिति पूर्णतया बेमानी हो जायेगी l



उर्वशी ने बताया कि उन्होंने बीते दिनों में उत्तर प्रदेश के मुख्य सूचना आयुक्त जावेद उस्मानी को अनेकों पत्र देकर आरटीआई कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल को समय देकर इन मुद्दों पर बातचीत कर आरटीआई आवेदकों की समस्याओं का  समाधान करने की माँग की थी किन्तु मुख्य सूचना आयुक्त द्वारा इन संवेदनशील मामलों में असंवेदनशील रवैया अख्तियार करने और आरटीआई हेल्पलाइन पर  सूचना आयुक्तों की निरंकुशता के बारे में लगातार प्राप्त होती शिकायतों के मद्देनज़र ही उन्होंने  गोमती नगर के विभूति खंड में बने आरटीआई भवन के उद्घाटन के दिन ही आरटीआई भवन के मुख्य द्वार के सामने सभी सूचना आयुक्तों का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन करने का निश्चय किया था ।उर्वशी के अनुसार उनके ‘पुतला दहन’ इस कार्यक्रम के चलते ही  यूपी के सीएम अखिलेश यादव ने आज  ‘आरटीआई भवन’ का उद्घाटन का कार्यक्रम रद्द किया और इस नवनिर्मित आरटीआई भवन का उद्घाटन हुए बिना ही इसमें आज से सुनवाईयां आरम्भ हो गयीं हैं l


‘पुतला दहन’ कार्यक्रम में तनवीर अहमद सिद्दीकी,रशीद अली आज़ाद,हयात कादरी,संजय आजाद,हरपाल सिंह,मो० असीम,प्रभात गुप्ता,सलमान,मो० साद खान समेत दर्जनों समाजसेवियों ने प्रतिभाग किया l उर्वशी ने बताया कि आज इन मांगों के सम्बन्ध में यूपी के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और मुख्य सूचना आयुक्त को मांगपत्र  भेजा जा रहा है और यदि अगले 45 दिनों में ये मांगें पूरी न हुईं तो उनकी अगुआई में अहिंसक रूप से क्रमशः 27 मई 2016 से ‘आरटीआई भवन’  में ‘सविनय कार्य बहिष्कार’ आन्दोलन, 01 जुलाई 2016 से  ‘आरटीआई भवन’  में ‘कार्य रोको’ आन्दोलन  और 15 अगस्त 2016 को यूपी के सीएम सीएम आवास में का घेराव कर ‘जेल भरो’ आन्दोलन चलाया जायेगा ।